इन्हौना (अमेठी)। बेटे की शादी संपन्न कराने के बाद देहरादून जा रहे शिवरतनगंज क्षेत्र के एक व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत हो गई। उनकी कार में सवार बेटे व रिश्तेदारों सहित पांच अन्य लोग जख्मी हुए। हादसा सीतापुर जिले में हुआ था। लखनऊ में पोस्टमार्टम के बाद शव अमेठी स्थित गांव लाया गया। रविवार शाम अंतिम संस्कार कर दिया गया।
अमेठी के शिवरतनगंज इलाके के पूरे टीका मजरे जैतपुर गांव निवासी रामलखन पाल (55) देहरादून में काफी समय से काम करते थे और वहीं रहते भी थे। इन दिनों वह बेटे की शादी करने अपने गांव आए थे। 25 अप्रैल को बेटे की शादी के बाद वह कार से वापस देहरादून जा रहे थे।
सूत्रों के मुताबिक उनके साथ कार में बेटा अतीश, इसी थाना क्षेत्र के पूरे घीसल मजरे सिंहपुर निवासी साला राकेश, राकेश की पत्नी चंदा, पुत्र अंशुल व बेटी पीहू भी थी। बताते हैं कि शनिवार शाम इन लोगों की कार सीतापुर जनपद में किसी स्थान पर वाहन से टकराने के बाद डिवाइडर से टकरा गई। इससे कार में सवार लोग जख्मी हो गए।
इन लोगाें को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ लाया गया जहां चिकित्सकों ने रामलखन को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। पीहू की हालत नाजुक बताई जा रही है। लखनऊ में शव का पोस्टमार्टम होने के बाद रविवार को रामलखन का शव गांव लाया गया। शाम को शव का अंतिम संस्कार किया गया। सीओ तिलोई डॉ. अजय कुमार सिंह का कहना है कि अभी तक स्थानीय स्तर पर इस हादसे की कोई जानकारी नहीं है।