तिलोई (अमेठी)। थाना क्षेत्र के रायबरेली-अयोध्या राजमार्ग पर मेटरवा मजरे पाकरगांव गांव के पास शुक्रवार को एक तेज रफ्तार कार, साइकिल में टक्कर मारते हुए निकल गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। मोहनगंज थाने के बधौना गांव निवासी राम शंकर उर्फ शंकर (65) शुक्रवार को साइकिल से घरेलू सामान खरीदने मेटरवा चौराहे जा रहे थे। रास्ते में रायबरेली-अयोध्या राजमार्ग पर स्थित मेटरवा चौराहे के करीब एक तेज रफ्तार कार इनकी साइकिल में टक्कर मार कर निकल गई।
हादसे में रामशंकर गंभीर रूप से घायल हो गया। बताते हैं कि हादसे के बाद कार सवार लोग रुके, लेकिन भीड़ आती देखकर भाग निकले। इसके बाद लोगों ने शंकर को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रामशंकर की मौत की सूचना पर बहू सुषमा की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। एसएचओ धीरेंद्र यादव ने बताया कि वाहन व चालक की पहचान करते हुए कार्रवाई की जा रही है।