अमेठी सिटी। मुंशीगंज क्षेत्र में रविवार रात बरातियों से भरी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में भीषण आग लग गई, जिससे कार सवार पांच लोग झुलस गए।
संग्रामपुर क्षेत्र के गरेड़ी गांव निवासी आदर्श शुक्ल अपने साथी अर्पित वर्मा, चंदन यादव और मुन्ना व एक अन्य के साथ कार से मुंशीगंज क्षेत्र के त्रिलोकपुर गांव में भवानी यादव के यहां शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जब वे भुसियावां गांव के पास पहुंचे, तभी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद कार में आग लग गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत साहस दिखाते हुए कार सवार पांचों लोगों को बाहर निकाला।
हालांकि तब तक सभी झुलस गए। उन्हें सीएचसी मुसाफिरखाना पहुंचाया गया और साथ ही पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया। इंस्पेक्टर शिवाकांत पांडेय ने बताया कि समय पर कार्रवाई कर आग बुझा दी गई। घटना के संबंध में अभी तक किसी की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।