अमेठी। लखनऊ-वाराणसी ट्रैक पर 23 फरवरी तक यात्रियों को रेल यात्रा में असुविधा होगी। नॉन इंटरलॉकिंग कार्य पूरा कराने के लिए विभाग ने 23 फरवरी तक ब्लॉक का निर्देश जारी किया है। ब्लॉक निर्देश मिलने के बाद संचालन विभाग ने ट्रैक की तीन जोड़ा ट्रेनों को 23 फरवरी तक निरस्त करने के साथ नीलांचल एक्सप्रेस का आंशिक मार्ग परिवर्तित किया है। इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
रायबरेली व उतरेटिया रेलवे स्टेशन पर नॉन इंटर लॉकिंग कार्य पूरा कराने के लिए इंजीयरिंग विभाग की मांग पर संचालन विभाग ने 12 फरवरी से 23 फरवरी तक ब्लॉक स्वीकृत किया है। इसके बाद संचालन विभाग ने पटना-जम्मूतबी अप अर्चना एक्सप्रेस को 13,16, 20 व 23 तो जम्मूतंबी-पटना डाउन अर्चना एक्सप्रेस को 14,17, 21 व 24 फरवरी को निरस्त कर दिया है। इसी तरह लोकमान्य तिलक-प्रतापगढ़ डाउन एक्सप्रेस को 14,16 व 21 तथा प्रतापगढ़-लोकमान्य तिलक अप एक्सप्रेस ट्रेन को 16,18 व 23 फरवरी तथा देहारादून-वाराणसी डाउन जनता एक्सप्रेस को 18 फरवरी से 24 फरवरी और वाराणसी-देहरादून अप जनता एक्सप्रेस को 17 फरवरी से 23 फरवरी तक निरस्त कर दिया है।
इतना ही नहीं ट्रैक पर संचालित नीलांचल एक्सप्रेस के मार्ग में आंशिक परिवर्तन करते हुए 12 फरवरी से 23 फरवरी के बीच अप/डाउन में रायबरेली, डलमऊ, उन्नाव के रास्ते कानपुर होकर दिल्ली तक संचालित कराने की बात कही गई है। नीलांचल एक्सप्रेस ट्रेन के मार्ग परिवर्तन अवधि में लखनऊ नहीं जाएगी। ट्रेन निरस्त व मार्ग परिवर्तन की सूचना सार्वजनिक होने के बाद रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। आरक्षित टिकट निरस्त कराने के साथ नई तिथि का आरक्षित टिकट लेने के लिए यात्री परेशान हो रहे हैं। स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह ने बताया कि यात्रियों के आरक्षित टिकट बुकिंग काउंटर से निरस्त किए जा रहे हैं।