अमेठी सिटी। विकास भवन सभागार में शनिवार को भामाशाह जयंती के रूप में व्यापारी कल्याण दिवस मनाया गया। इस दौरान व्यापारियों व अधिकारियों ने भामाशाह की दानवीरता के प्रेरक प्रसंग सुनाए। दानवीर भामाशाह के पदचिह्नों पर चलते देश व समाज के लिए योगदान की अपील की।
विभाग के उपायुक्त अनुराग चौधरी ने कहा कि जिले के सभी व्यापारी दानवीर भामाशाह से प्रेरणा लेते हुए उचित टैक्स का भुगतान करते रहें। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष समीर कुरैशी ने कहा कि व्यापारी कल्याण दिवस मनाने के लिए उनका संगठन तीन दशक से प्रयास कर रहा था। ऐसे में उत्तर प्रदेश में पहली बार इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
निवेश करने वाले पांच उद्यमी सम्मानित
कार्यक्रम का आयोजन राज्य कर विभाग, संस्कृति व उद्योग विभाग की ओर से किया गया। विकास भवन सभागार में कार्यक्रम के दौरान सर्वाधिक राज्य कर देने वाले पांच व्यापारियों को सम्मानित किया। जिसमें मुख्य रूप से जगदीशपुर के दीपक कुमार अग्रवाल, जगदीशपुर के मो. अतीक, अमेठी के अरविंद कुमार सिंह, जगदीशपुर के अशोक तिवारी, तिलोई के अमरजीत सिंह आदि को प्रशस्ति पत्र व प्रतीक चिह्न दिया गया। जिले में निवेश करने वाले पांच उद्यमियों को भी सम्मानित किया गया।
इस मौके पर व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष हरि शंकर जायसवाल, जिला विकास अधिकारी तेजभान सिंह, जिला संस्कृति व पर्यटन अधिकारी महेंद्र मिश्र, उद्योग विभाग के उपायुक्त दिनेश चौरसिया, राज्य कर विभाग के सहायक आयुक्त संदीप कुमार श्रीवास्तव, नीरज सिंह, प्रवीण सिंह, विरेंद्र बहादुर सिंह, महेंद्र आदि मौजूद रहे।