मुसाफिरखाना (अमेठी)। स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर पूरे मलिक के पास शनिवार देर रात बाइक सवारों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया। दुर्घटना में बाइक सवार तीन युवकों को गंभीर हालत में सीएचसी मुसाफिरखाना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने व्यवसायी युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य दोनों युवकों की हालत गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर दिया।
मुसाफिरखाना थाने के गल्ला मंडी निवासी विनय कसौंधन (32) कस्बे में साड़ी की दुकान करते थे। शनिवार को वे बाइक से अपने मित्र कस्बा निवासी ऋषि कौशल (20) व रितिक (16) के साथ अलीगंज गए थे। देर रात बाइक से तीनों वापस लौट रहे थे। रास्ते में लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर पूरे मलिक के पास पहुंचे ही थे कि अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद वाहन सहित चालक मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को देते हुए तीनों को सीएचसी पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सक ने विनय को मृत घोषित कर रितिक व ऋषि की हालात नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना के बाद तीनों के परिजनों में कोहराम मच गया।
जिला अस्पताल में दोनों जीवन व मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। पुलिस ने विनय के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसएचओ विवेक सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर केस दर्ज कर दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश की जा रही है। जल्द ही वाहन को चालक सहित गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार बाइक सवार लोगों ने हेलमेट नहीं पहना था।
मां का रो-रोकर बुरा हाल
कस्बा निवासी विनय कसौंधन की मौत की सूचना पर मां का रो-रोकर बुरा हाल है। बार-बार यह कहकर बिलख पड़ रही है कि काश, बेटे को अलीगंज जाने से रोक लिया होता। कोई मेरे बेटे को जगा दो। मां का रुदन सुन हर किसी की आंख नम होती रही। पिता बृजेश बड़े पुत्र को खोने से गमगीन हैं। छोटा भाई शिवम भी बड़े भाई की मौत से सदमे में है।