अमेठी। गलन के साथ हवा चलने से ठंड बढ़ती जा रही है। लोग इससे बचने के विभिन्न तरीके अपना रहे हैं। ठंड की मार से केवल लोगों की दिनचर्या ही नहीं बल्कि कारोबार भी प्रभावित है।
ठंड से संग्रामपुर की सभी बाजारों में सन्नाटा है। दुकानदारों को चिंता है कि यही स्थिति रही तो बहुत नुकसान होगा। दुकानदारों के हिसाब से प्रत्येक दुकान में हजारों का कारोबार प्रभावित है। संग्रामपुर के सभी बाजारों में मिलाकर करीब 10 लाख से अधिक कारोबार प्रभावित हो रहा है। ठंड भगाने में उपयोगी गर्म कपड़े और रूम हीटर, ब्लोवर और पानी गर्म करने की राड के अलावा अन्य सामानों की बिक्री ठप है।
संग्रामपुर के विशेषरगंज, बड़गांव, टीकरमाफी, शीतलागंज, कालिकन धाम, मिश्रौली व ठेंगहा सहित अन्य छोटी बाजारों में इन दिनों ठंड के कारण करीब 10 लाख से अधिक का कारोबार रोजाना प्रभावित हो रहा है। कपड़े, गहने, दैनिक उपयोग की वस्तुएं, फर्नीचर आदि की बिक्री कम हो रही है। भवन निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्रियों की बिक्री भी नहीं के बराबर है।
चाय-समोसा दुकानदार रवि कुमार ने बताया कि ठंड की वजह से ग्राहक घर से निकल नहीं रहे हैं। इससे रोजाना करीब दो हजार से अधिक का नुकसान हो रहा है। कपड़ा दुकानदार सिप्पू बरनवाल ने बताया ठंड से बचाने वाले कपड़े ही बिक रहे हैं। कुछ सामानों की बिक्री से काम नहीं चलने वाला है। पहले रोजाना करीब 10 हजार रुपये का कारोबार होता था अब अब पांच हजार रुपये तक बिक्री नहीं हो पा रही है। दुकानदार राजेश सिंह ने बताया कि सौंदर्य प्रसाधन की बिक्री पहले की अपेक्षा 60 प्रतिशत कम हो गई है। किराना दुकानदार अभिनव पांडेय ने बताया कि खरमास का असर भी बाजार पर पड़ा है। मौसम अच्छा होता तो बिक्री पर कम असर पड़ता है।