अमेठी सिटी। रक्षाबंधन त्योहार को लेकर स्थानीय डिपो की ओर से लोकल सेवाओं के साथ कई रूटों पर बसें व फेरे बढ़ाए गए हैं। परिवहन निगम की ओर से बहनों को 24 घंटे निशुल्क रोडवेज बस सेवा की सुविधा 18 अगस्त की रात 12 बजे से मिलनी शुरू हो जाएगी। सेवा 19 अगस्त रात 12 बजे तक जारी रहेगी। अमेठी डिपो में निगम की कुल 39 और तीन अनुबंधित बसें हैं।
अमेठी और सुल्तानपुर की लोकल सेवा में संचालित चार बसों के अलावा दो और बसें लगाई गई हैं। इन बसों का फेरा भी बढ़ाया गया है। वहीं, लखनऊ के लिए चल रहीं छह बसों के अलावा चार अतिरिक्त बसें लगाई गई हैं। इन बसों का फेरा भी बढ़ाया गया है।
प्रयागराज रूट पर दो बसें बढ़ने से बसों की संख्या चार हो गई है। अयोध्या के लिए अमेठी बस स्टेशन से सीधे संचालन के लिए दो बसें लगाई गई हैं। कानपुर, दिल्ली, आगरा, बलरामपुर, हरदोई, वाराणसी मऊ, आजमगढ़ आदि के लिए सेवाएं नियमित चलेंगी। डिपो की ओर से अन्य तैयारी भी की गई है। जिस रूट पर सवारियों की संख्या बढ़ेगी वहां तत्काल बसों का संचालन कराया जाएगा।
एआरएम काशी प्रसाद ने बताया कि पर्व को लेकर बसों का रूट चार्ट बनाया गया है। चालकों-परिचालकों का अवकाश रद्द कर दिया गया है। अगर कोई चालक परिचालक इस अवधि में आदेश का अनुपालन नहीं करता तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।