बाजारशुकुल (अमेठी)। दिल्ली से अयोध्या जा रही श्रद्धालुओं से भरी मिनी बस व पिकअप की टक्कर शनिवार सुबह जिले की सीमा से सटे बाराबंकी के थाना सुबेहा के कोड़वा गांव के पास हो गई। हादसे में बस में सवार घायल नौ श्रद्धालुओं को जिले की बाजारशुकुल सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने घायलों का इलाज शुरू किया।
हादसे में घायल श्रद्धालु सीमा ने बताया कि शुक्रवार शाम पांच बजे दिल्ली के समयपुर बादली से 14 श्रद्धालुओं को लेकर मिनी बस अयोध्या के लिए निकली थी। सीएचसी बाजारशुकुल पर घायल श्रद्धालु सीमा (38), अमित प्रताप (46), गोस्वामी (58), गनेश (45), महुआ (49), अंजलि (30), शर्मिला (41), नीतू (39) को ले जाया गया।
एक साथ घायल श्रद्धालुओं के पहुंचने पर अस्पताल में अफरातफरी मच गई। चालक सहित छह लोग सुरक्षित हैं। सूचना के बाद सुबेहा पुलिस ने सीएचसी बाजारशुकुल पहुंचकर घायलों से हादसे की जानकारी ली। थानाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र ने बताया कि हादसा बाराबंकी जिले के सुबेहा थाना क्षेत्र में हुआ है। घायलों का उपचार अस्पताल में किया जा रहा है।