अमेठी सिटी। अमेठी कस्बे में बृहस्पतिवार देर रात कार से बाइक टकरा गई। इसके बाद नाराज बाइक सवार दबंगों ने कार सवार युवक की पिटाई कर उसका मोबाइल तोड़ दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
अमेठी कोतवाली क्षेत्र के गंगागंज निवासी कृष्णा कसौधन बृहस्पतिवार देर रात कार से बस स्टाप की तरफ जा रहे थे। रास्ते में हनुमानगढ़ी मंदिर के पास उनकी कार सामने से आ रही बाइक से टकरा गई। कार से बाइक टकराने के बाद नाराज बाइक सवार वैभव सिंह व नितिन सिंह ने कृष्णा कसौधन की पिटाई कर दी। शोर सुनकर कृष्णा के परिजन व स्थानीय लोग एकत्र हो गए। इसी बीच कृष्णा ने फोन से मामले की सूचना पुलिस को देने की कोशिश की तो बाइक सवार दोनों लोगों ने मोबाइल छीन कर तोड़ दिया।
इसी बीच जब परिजन व स्थानीय लोग हंगामा करने लगे तो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बाइक सवार युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। थाने पहुंचे कृष्णा कसौधन ने वैभव सिंह व नितिन सिंह पर पिटाई करने व मोबाइल तोड़ने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। एसएचओ बृजेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग के मामले में कार्रवाई की गई है।