अमेठी सिटी। बेखौफ दबंगों ने सब्जी विक्रेता की दुकान पर शनिवार को धावा बोल दिया और दुकानदार व उसके चचेरे भाई की लात-घूसों व लोहे की राड से जमकर पिटाई कर दी। हमले में दोनों जख्मी हो गए। वारदात अंजाम देने के बाद हमलावर कार व बाइकों से भाग निकले। पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद केस दर्ज कर लिया है। समाचार लिखे जाने तक आरोपी पकड़े नहीं गए। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
गौरीगंज के वार्ड -16 कटरा लालगंज निवासी अनस ने बताया कि उसकी गौरीगंज में जामो मार्ग पर सब्जी की दुकान है, साथ में उसका चचेरा भाई महताब रहता है। आरोप है कि शनिवार को कुछ लोग कार और बाइकों पर सवार होकर उसकी दुकान पर आए और उन लोगों ने अनस को ललकारते हुए हमला कर दिया।
लोहे की राॅड, लात-घूसों से जमकर पिटाई शुरू कर दी। उसे बचाने पहुंचे चचेरा भाई को भी हमलावारों ने पीटना शुरू कर दिया। बुरी तरह पीटने के बाद हमलावरों ने अनस का मोबाइल तोड़ दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। अनस के मुताबिक, पुरानी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया है। पूर्व में इन लोगों ने हमले की धमकी दी थी। पुलिस ने इरफान सहित पांच नामजद व दस अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।