अमेठी सिटी। गौरीगंज क्षेत्र स्थित रायबरेली मार्ग के टांडा-बांदा हाईवे पर एक टोल प्लाजा से गाड़ी निकालते समय कार पर बैरियर लग जाने से नाराज दबंगों ने कर्मियों की जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद नाराज लोगों ने बूथों के शीशे तोड़ डाले। वारदात अंजाम देने के बाद दबंगों ने टोल कर्मियों को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। इस मामले में एक टोल कर्मी ने एक कार नंबर सहित दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
बलिया जिले के थाना नगरा इलाके के भंडारी गांव निवासी मंजीत यादव का कहना है कि वह गौरीगंज स्थित टोल प्लाजा पर काम करते हैं। शनिवार की रात वह टोल प्लाजा पर काम कर रहा था, तभी एक कार आई। कार को गुजारते समय उस पर बैरियर लग गया। इसी बात पर कार सवार ने उन लोगों से गाली-गलौज शुरू कर दी।
गालीगलौज का विरोध करने करने पर वह वहां से चलकर आगे रुक गया, और कुछ लोगों को फोन करके टोल पर बुला लिया। आरोप है कि कार से कुछ लोग आए और गाली गलौज करते हुए टोल कर्मियों की पिटाई की। जिससे मंजीत के अलावा मथुरा के विजय व हरियाणा के गौरव जख्मी हुए।
दबंगों ने ईंट-पत्थर से टोल प्लाजा के बूथों के शीशे तोड़ दिए। मारपीट व तोड़फोड़ करने के बाद दबंग जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। मंजीत ने मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर लिया गया है। कार्रवाई की जा रही है।