अमेठी सिटी। बहुजन समाज पार्टी की जिला कार्यकर्ता बैठक कान्हा मैरिज लाॅन गौरीगंज में हुई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, मुख्य मंडल प्रभारी और पूर्व सांसद घनश्याम चंद खरवार, पूर्व एमएलसी भीमराव अंबेडकर और दिलीप कुमार विमल ने संगठन के कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद 14 अप्रैल को बाबा साहब डॉ. आंबेडकर की जयंती विचार गोष्ठी के रूप में धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया।
बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने कहा कि भारतीय संविधान को ठीक से लागू कराना पार्टी का मकसद है। 14 अप्रैल सर्वसमाज का महापर्व है। कहा कि जब तक प्रदेश में बसपा की सरकार नहीं बनती, तब तक कानून का राज नहीं आ सकता है। एमएलसी भीमराव अंबेडकर, पूर्व सांसद घनश्याम चंद खरवार ने कहा कि बाबा साहब डॉ. आंबेडकर का फोटो लगाकर बहुजन समाज को धोखा देने और हक अधिकार छीनने वाले लोग गली-गली टहल रहे हैं, इनसे सावधान रहें।
बैठक का संचालन जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार ने किया। इस मौके पर जिला प्रभारी नन्हे सिंह चौहान, अरुण गौतम, बामसेफ के जिला संयोजक संजीव भारती, महामंत्री श्रवण कुमार यादव, विवेक पांडेय, रमेश मौर्य, विद्या प्रसाद गौतम, बद्री प्रसाद प्रजापति, विधानसभा प्रभारी राम अभिलाष बौद्ध आदि मौजूद रहे।