संग्रामपुर (अमेठी)। ब्लॉक मुख्यालय पर स्थित बीएसएनएल मोबाइल का नेटवर्क ध्वस्त होने से लंबे समय से उपभोक्ता परेशान हैं। इस समस्या से न सिर्फ आम लोग परेशान हैं, बल्कि पुलिस अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी आउट ऑफ नेटवर्क हो जाते हैं।
संग्रामपुर चौराहे के बगल बीएसएनएल का मोबाइल टॉवर लगा है, लेकिन सिग्नल आए दिन फेल रहने के चलते संचार सेवा लड़खड़ा गई है। इससे पुलिस का सीयूजी नंबर, ब्लाॅक कर्मचारियों का नंबर व सीएचसी पर स्वास्थ्य कर्मचारियों का नंबर काम नहीं कर रहा है। ब्लॉक क्षेत्र के संग्रामपुर, भौसिंहपुर, सरैया कनू, सोनारी समेत कई गांवों में नेटवर्क की समस्या से उपभोक्ता परेशान हैं।
संग्रामपुर सीएचसी पर तैनात राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम डॉ. सुशील शुक्ला ने बताया कि संग्रामपुर सीएचसी पहुंचने पर बीएसएनएल का नेटवर्क गायब हो जाता है, जिससे परेशानी का सामना करना पड़ता है। कनू भौसिंहपुर निवासी अवधेश सिंह ने बताया कि यहां बीएसएनएल के लगे टॉवर से नेटवर्क खराब होने के चलते करीब 10 महीने पहले अपना नंबर दूसरे कंपनी में पोर्ट कराना पड़ा। स्थानीय निवासी कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि बिजली आने पर कभी-कभी नेटवर्क आ जाता है। टॉवर की देखरेख के लिए कोई कर्मचारी यहां नहीं आता है।
एसडीओ बीएसएनएल अमेठी दुर्गेश ओझा ने कहा कि संग्रामपुर में लगे टॉवर पर बिजली जाने पर बैकअप के लिए नई बैटरी बैक लगाई गई है। टॉवर से 4जी और 2जी नेटवर्क संचालित है। नेटवर्क की समस्या को लेकर टेक्निकल टीम भेजकर जांच कराकर गड़बड़ी दूर की जाएगी।