मुसाफिरखाना (अमेठी)। न्यायालय में बयान देने के बाद वापस हो रही युवती पर उसके भाई ने गाड़ी के भीतर चाकू से हमला कर दिया। गला रेतने के कारण युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हैरानी की बात यह है कि जिस गाड़ी में वारदात को अंजाम दिया गया, उसमें पुलिस कर्मी मौजूद थे। इस मामले में हमला करने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जगदीशपुर थाने के एक गांव की अपह्त युवती को पुलिस ने बरामद किया था। बुधवार को पुलिस को उसे सुल्तानपुर न्यायालय पर बयान के लिए लेकर जाना था, वहां पर उसने अपने भाई को बुलाने की बात कही। इस पर उसके भाई को फोन करके वन स्टाप सेंटर बुलाया गया। यहां से भाई के साथ युवती को लेकर पुलिस न्यायालय लाई।
बयान दर्ज कराकर वापस आते समय गाड़ी में ही युवती के छोटे भाई ने कादूनाला के पास बहन का गला रेत दिया। इससे वह घायल हो गई। इस पर पुलिस ने गाड़ी रोकवाकर तत्काल युवती के गले में कपड़ा लपेटा। युवती को सीएचसी जगदीशपुर ले जाया गया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। युवती के भाई को गिरफ्तार कर लिया हैै। पुलिस का कहना है कि आरोपी किशोर है। उसने गुस्से में आकर वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस उप निरीक्षक संजय सिंह ने मुकदमा दर्ज कराया है।