अमेठी। वित्तविहीन प्रबंधन संघ की बैठक प्रदेश अध्यक्ष जयप्रकाश मिश्र की अध्यक्षता में सोमवार को मुंशीगंज स्थित एक विद्यालय में हुई। इसमें कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम को लेकर विद्यालयों के संचालन पर लगी रोक से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में शिक्षा का कार्य कर रहे वित्तविहीन शिक्षक व उनके परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंचने पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में मौजूद लोगों ने प्रदेश व केंद्र सरकार का ध्यान आकृष्ट करते हुए व्यवस्था कराए जाने की मांग उठाई है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पांच सितंबर को मान्यता प्राप्त विद्यालयों में अध्यापन करने वाले शिक्षक शिक्षक दिवस नहीं मनाएंगे। इसके साथ ही शिक्षक दिवस के दिन प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सभी संगठन पदाधिकारी अपने जिला मुख्यालय व तहसील मुख्यालय पर देंगे। इस मौके पर गिरजेश पाल, टीवी राय, अशोक पाण्डेय, राकेश यादव, प्रमोद कुमार, जय वीर सिंह, मनीष कुमार, संतोष पांडेय, श्यामशंकर पांडेय, राजकुमार कश्यप, विनोद सिंह आदि मौजूद रहे।