जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र में भगवान गणेश की पूजा करते श्रद्धालु। -संवाद
जगदीशपुर (अमेठी)। श्री गणेश उत्सव का जश्न क्षेत्र में धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। सुबह और शाम प्रतिमाओं के दर्शन और पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। भक्तों ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
प्रतिमा स्थापना के चौथे दिन शनिवार शाम इंडोरामा उर्वरक इकाई के टाउनशिप में सजाए गए पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन के दौरान गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगाए। महोत्सव में आयोजित गणेश वंदना जागरण कार्यक्रम देर रात तक चला, जिसमें भजन-संगीत पर श्रद्धालु थिरकते रहे। इकाई के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेंद्र सांखे ने बताया कि वे 11 वर्षों से इस पूजा आयोजन में सक्रिय हैं। उनकी पत्नी उषा सांखे ने कहा कि टाउनशिप की महिलाओं के सहयोग से मोदक भोग, लड्डू भोग, डांस प्रतियोगिता और चित्रकला प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित होती हैं।
33 वर्ष पहले अशोक आहिरे ने 11 रुपये की पीतल मूर्ति से इस पूजा की शुरुआत की थी, जो आज भव्य रूप ले चुका है। कार्यक्रम की व्यवस्था देख रहे वीरेश पाठक ने बताया कि 22 हजार रुपये की प्रतिमा सहित साज-सज्जा, भोग, पूजन और शृंगार पर करीब सात लाख रुपये खर्च होते हैं। सकुशल पूजा करने वाले मुख्य यजमान अखिलेश कुमार सिंह ने कहा कि इस आयोजन से उन्हें अलग तरह की ऊर्जा का संचार महसूस होता है। पुजारी आचार्य शास्त्री राकेश कुमार ओझा ने बताया कि पिछले 15 वर्षों से वे पूजा-अर्चना कराते आए हैं और भक्तों की इच्छाओं की पूर्ति होती देख चुके हैं। बीएचईएल टाउन शिप में श्रद्धालुओं की भीड़ पूजन-अर्चन और भजन कीर्तन में व्यस्त रही।
इंडोरामा में एक सप्ताह और बीएचईएल में 10 दिनों तक चलने वाले महोत्सव में नियमित कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। कमरौली थाने के मंदिर परिसर, कस्बा निहालगढ़ के ठाकुरद्वारा सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी गणेशोत्सव की धूम देखने को मिल रही है। तीसरे दिन स्कूल के विभिन्न कक्षाओं के बच्चों ने डांस प्रतियोगिताओं में भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजेंद्र सांखे और पत्नी उषा सांखे ने पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया।