अमेठी। जमीन विवाद को लेकर शनिवार को कोतवाली में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पूरे इच्छा मजरे उमापुरगाना पट्टी के ग्रामीण और किसान मजदूर सेवा संगठन से जुड़े लोग कोतवाली पहुंचे। इस दौरान पुलिस प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को समझाया और शांत कराकर वापस भेज दिया।
किसान मजदूर सेवा संगठन के संरक्षक आरपी पांडेय ने बताया कि संगठन के पदाधिकारियों को पुलिस परेशान कर रही है। उनका कहना है कि विवाद सुलझाने के बजाय मामला और बढ़ रहा है। शिकायत करने पर दूसरे पक्ष को पहले ही बुला लिया जाता है, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो जाती है। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत एसडीएम से की गई थी, जिस पर काम रोकने के निर्देश दिए गए थे, इसके बावजूद कार्य बंद नहीं हुआ।
दूसरे पक्ष से जितेंद्र तिवारी के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि कुछ लोग उनकी पुश्तैनी जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जिस जमीन और रास्ते पर वर्षों से उनके मकान बने हैं और आवागमन होता रहा है, उसी पर बैनामे का हवाला देकर कब्जा किया जा रहा है। आरोप है कि आने-जाने में भी बाधा डाली जा रही है।
थाना प्रभारी रवि सिंह ने बताया कि मामला राजस्व से जुड़ा है। दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया गया है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल स्थिति सामान्य बनी हुई है। मामले की जांच की जा रही है।