मुसाफिरखाना (अमेठी)। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर धरौली स्थित पेट्रोल पंप के पास सोमवार की रात एक बड़ा हादसा हुआ। हाईवे पर खड़े ट्रक से सुल्तानपुर से कानपुर जा रही बोलेरो भिड़ गई। इससे बोलेरो सवार दो लोगों की मौत हो गई। एक अन्य घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जाता है कि कानपुुर जिले के सफदरगंज के रहने वाले शीलू (25), रामकुमार अपने एक साथी के साथ सोमवार को किसी काम से बोलेरो से सुल्तानपुर आए थे। देर शाम तीनों लौट रहे थे। रास्ते में लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर धरौली स्थित पेट्रोल पंप के पास बोलेरो अनियंत्रित हो कर खड़े ट्रक से भिड़ गई। इससे बोलेरो ट्रक में फंस गई। इससे वहां पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कवायद शुरू की गई। रामकुमार को घायलावस्था में और दो के शव बोलेरो से निकाले गए।
विज्ञापन
घायल रामकुमार के मुताबिक दो मृतकों में से एक का नाम शीलू है। वह वाहन चला रहा था। दूसरे का नाम वह नहीं बता पाया। प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान करने की कोशिश चल रही है। एसपी डॉ. इलामारन जी ने बताया कि दो की मौत
हुई है। एक घायल है। मौके पर सीओ गौरव सिंह के नेतृत्व पुलिस टीम रेस्कूय कर रही है।
हादसे के बाद लगा जाम
अमेठी। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर धरौली के पास हुए हादसे के कारण कुछ देर के लिए जाम लग गया। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम हटवाया। बोलेरो को हटवाने के लिए क्रेन का सहारा लेना पड़ा। संवाद