तिलोई। मोहनगंज के छोटा डीहवा अरियावां गांव निवासी विशाल (18) का शव बृहस्पतिवार को शारदा सहायक नहर से बरामद किया गया। वह बुधवार को शौच के दौरान पैर फिसलने से नहर में डूब गया था। स्थानीय गोताखोरों को सफलता नहीं मिलने पर एसडीआरएफ की टीम ने करीब चार घंटे तक तलाशी अभियान चलाया। इसके बाद नहर में करीब दो किलोमीटर दूर राजामऊ के पास शव बरामद हुआ।
मृतक के पिता अयोध्या प्रसाद ने बताया कि विशाल बुधवार को गांव के बाहर शौच के लिए गया था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गया। बृहस्पतिवार को एसडीआरएफ टीम ने सर्च अभियान चलाकर शव बरामद किया। विशाल का शव मिलने के बाद मां कन्या देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
वह बेटे के शव से लिपटकर बार-बार उसे उठाने का प्रयास करती रहीं। बहनें पूजा, प्राची, सलोनी और शिवांगी तथा भाई राज भी गहरे सदमे में हैं। पिता अयोध्या प्रसाद गमगीन हैं। प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला नहर में डूबने का है। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।