भादर। रामगंज के ढखवा मजरे संसारीपुर निवासी रामकुमार पाल (45) का शव शुक्रवार को रामगंज-सोनारी मार्ग पर शराब ठेके के पास एक गुमटी के पीछे पड़ा मिला। परिजन ने पिटाई कर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि मृतक की पत्नी के चंडीगढ़ से लौटने के बाद ही पोस्टमार्टम कराने और रिपोर्ट दर्ज कराने के संबंध में निर्णय लिया जाएगा।
मृतक के भाई राजकुमार ने बताया कि रामकुमार की पत्नी चंडीगढ़ स्थित अपने मायके में रहती हैं। वह गांव में अकेले रहते थे। बृहस्पतिवार को वह घर से निकले थे लेकिन रात में नहीं लौटे। शुक्रवार को परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान शराब ठेके के पास गुमटी के पीछे उनका शव पड़ा मिला। इसके बाद परिजन शव को घर ले आए और पुलिस को सूचना दी।
परिजन का आरोप है कि किसी व्यक्ति ने रामकुमार की पिटाई की थी, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक के भाई का एक शिकायती पत्र सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। पत्र में पिटाई से मौत होने का आरोप लगाया गया है। वायरल पत्र की सत्यता की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
इंस्पेक्टर रामराज कुशवाहा पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने परिजन से पोस्टमार्टम कराने को कहा, लेकिन उन्होंने इससे इन्कार कर दिया। परिजन ने मृतक की पत्नी के चंडीगढ़ से लौटने तक इंतजार करने की बात कही। ग्रामीणों में अधिक नशे के सेवन से मौत होने की भी चर्चा रही। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं हैं। प्रारंभिक जांच में नशे के अधिक सेवन से मौत होने की आशंका है। मामले की जांच की जा रही है।