अमेठी सिटी। बृहस्पतिवार रात करीब 11:30 बज रहे थे। एकाएक नीली-लालबत्ती जलती कई गाड़ियां लाइन से पोस्टमार्टम हाउस पहुंचीं। इस काफिले के बीच में एक वाहन को सीधे पोस्टमार्टम हाउस गेट के अंदर ले जाया गया। इससे पहले वहां पुलिस व कुछ स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे। वाहन से एक के बाद एक चार शव अंदर ले जाए गए। कुछ देर में गेट बंद हो गया। पुलिस का एक वाहन रुका, शेष चले गए। वहां एक सब इंस्पेक्टर व कई सिपाही गेट के पास खड़े थे। इसके 30 मिनट बाद मारुति वैन पहुंची, जिसमें चार महिलाएं व दो पुरुष रोते-बिलखते उतर शव विच्छेदन गृह के अंदर जाने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाते हुए रोक दिया। वह लोग फिर वैन के पास बैठकर रोने लगे।
सीओ सिटी अखिलेश वर्मा आए और जांच पड़ताल कर थोड़ी देर बाद वापस चले गए। करीब 01:30 बजे पुलिस की दो गाड़ियों सहित तीन वाहन पहुंचे। बीच वाले वाहन से मृतक शिक्षक सुनील कुमार के पिता, ग्राम प्रधान व कुछ अन्य लोग उतरे। यह लोग कुछ देर ठहरे, लेकिन फिर पुलिस उन्हें दस्तावेज तैयार करने की बात कहते हुए गौरीगंज कोतवाली लेकर चली गई। इसी बीच सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह भी व्यवस्था देखने पहुंचे थे। रात करीब तीन बजे पुलिसकर्मी मृतक के पिता को लेकर फिर वहां पहुंचे।
इस बीच फिर चारों शवों को गौरीगंज सीएचसी भवन में एक्सरे के लिए ले जाया गया। एक्सरे के बाद अस्पताल से चिकित्सकों को बुलाया गया। पैनल ने करीब चार बजे पोस्टमार्टम शुरू किया। दो बच्चियों व महिला का पोस्टमार्टम होने के बाद शिक्षक का पोस्टमार्टम शुरू किया गया। पोस्टमार्टम के दौरान सीने में फंसी बुलेट नहीं मिली तो एक्सरे के लिए शव को दोबारा पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। दोबारा सुबह करीब छह बजे शिक्षक के शव का पोस्टमार्टम शुरू हुआ। पोस्टमार्टम के बाद चारों शवों को शिक्षक के पिता को सौंप दिया गया।
बड़े भाई ने पीटा तो हंसकर लिपट गया सुनील
सुनील के पिता ने बताया कि बेटा बहुत सरल स्वभाव व मिलनसार था। पूरे घर को संभालने वाला वही था। हाल ही में घर की मरम्मत करानी शुरू किया था। एक सप्ताह पूर्व वह घर आया था और मकान को दुरुस्त कराने के लिए पिता को लगा दिया था। पैसे की भी व्यवस्था की थी। उन्होंने पुरानी याद ताजा करते हुए कहा कि बड़े बेटे ने सुनील को किसी गलती पर थप्पड़ मार दिया, लेकिन उसने जरा भी बुरा नहीं माना। बताया कि सुनील अपने भाई से लिपट गया और हंसने लगा। उसके बाद बड़े भाई का भी गुस्सा दूर हो गया।