अमेठी सिटी। जिले में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च तक संचालित होंगी। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए व्यवस्था को पूरी तरह फुलप्रूफ बनाया जा रहा है। विशेषतौर पर नकल पर अंकुश लगाने के लिए चार सचल निरीक्षण दल गठित किए गए हैं, जो परीक्षा केंद्रों का नियमित निरीक्षण करेंगे। प्रत्येक केंद्र पर आंतरिक निरीक्षण व्यवस्था भी लागू रहेगी, जिसमें एक शिक्षिका की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
सचल निरीक्षण दलों का नेतृत्व जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, वित्त एवं लेखाधिकारी और राजकीय विद्यालयों के प्रधानाचार्य करेंगे। यह दल परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। प्रत्येक दल में दो महिला शिक्षक और दो पुरुष शिक्षक शामिल होंगे। निरीक्षण के दौरान केंद्रों पर अनुशासन, परीक्षा सामग्री की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिले के 37 राजकीय, 25 सहायता प्राप्त और 186 वित्तविहीन इंटर कॉलेज संचालित हैं, जिनमें हाईस्कूल के 25,620 और इंटरमीडिएट के 22,713 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा संचालन के लिए 85 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर तीन सदस्यीय आंतरिक निरीक्षण दस्ते तैनात रहेंगे, जिनमें महिला अध्यापिकाओं की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। छात्राओं की तलाशी शिक्षिकाओं की उपस्थिति में महिला कर्मचारी ही ले सकेंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी व्यवस्था लागू रहेगी। प्रशासन का पूरा ध्यान परीक्षा प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर है।