अमेठी सिटी। जिला अस्पताल में ब्लड बैंक के संचालन की उम्मीद जगी है। मंगलवार को औषधि विभाग की टीम ने ब्लड बैंक के उपकरण व अन्य अभिलेखों की जांच की। टीम ने कुछ कमियों के बारे में बताया है। उधर, अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट मिलते ही कमियों को ठीक करा दिया जाएगा।औषधि विभाग के गाजियाबाद से आए सुधीर कुमार सिंह व अमेठी के कमलेश कुमार मिश्र की टीम यहां पर पहुंची। टीम ने ब्लड बैंक को लेकर प्रस्तावित कक्ष का जायजा लिया। कर्मियों से ब्लड बैंक के बारे में जानकारी ली। साथ ही ब्लड स्टोरेज को लेकर किए गए प्रबंधों के बारे में अब तक की गई व्यवस्था के बारे में अध्ययन किया। साथ ही अन्य आवश्यक निर्देश दिया।
ब्लड बैंक के बारे में जानकारी देते हुए सीएमएस डॉ. बीपी अग्रवाल ने बताया कि टीम ने कुछ कमियों की तरफ इंगित किया है। रिपोर्ट मिलते ही उसे ठीक कर दिया जाएगा। उम्मीद जताई कि एक माह के भीतर ब्लड बैंक का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।