अमेठी सिटी। लोकसभा चुनाव में हर हाल में जीत हासिल करने के लिए भारतीय जनता पार्टी जुट गई है। इसके लिए गांव चलो अभियान की तैयारी चल रही है। पार्टी आगामी चार से 11 फरवरी तक अभियान चलाएगी। ग्रामीणों के बीच जाकर रात्रि विश्राम करना व उनके सुख-दुख का भागीदार बनने की जिम्मेदारी प्रवासी नेताओं को दी जा रही है। पार्टी की ओर से गांव चलो अभियान की तैयारी शुरू हो गई है। जिला स्तरीय पदाधिकारियों व नेताओं को एक दिवसीय कार्यशाला में भी जानकारी दी गई। कार्यशाला में पहुंचे भाजपा के प्रदेश मंत्री शंकर गिरी ने सभी को पार्टी की कार्ययोजना के बारे में दो सत्रों में विस्तार से जानकारी दी। जिसके माध्यम कार्यकर्ता अभियान की बारीकियों को समझ कर उसके अनुरूप आचरण कर सकें। जिला स्तर पर सभी ग्राम पंचायतों में संयोजक बनाने का काम पहले चरण में चल रहा है।
दूसरे चरण में प्रवासी के रूप में गांव पहुंचने वालों का चयन किया जा रहा है। भाजपा के जिम्मेदार नेता को हर गांव में प्रवासी के रूप में भेजा जाएगा। जो कि गांव पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे। गांव के पुराने कार्यकर्ताओं से मिलना, विरोधी पक्ष से संवाद करना, वरिष्ठ व विशिष्ट पेशे के लोगों से मिलने की जिम्मेदारी प्रवासी की होगी। भाजपा जिला अध्यक्ष राम प्रसाद मिश्र ने बताया कि लोकसभा चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। इस बार प्रचंड बहुमत से चुनाव जीतना है।