अमेठी सिटी। जिला मुख्यालय स्थित निजी परिसर में बुधवार को बहुजन समाज पार्टी की समीक्षा बैठक हुई। इसमें बूथ कमेटियों के पुनर्गठन और पंचायत चुनाव की तैयारी पर रणनीति बनाई गई।
मुख्य अतिथि पूर्व एमएलसी भीमराव आंबेडकर ने कहा कि देश में सामाजिक व आर्थिक असमानता बढ़ी है। भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि दोनों दलों ने देश को पीछे धकेला है। भाजपा सरकार सांप्रदायिकता से बाहर नहीं निकल पाई।
विचारधारा के स्तर पर पूर्व सीएम मायावती सबसे मजबूत नेता हैं, जिन्होंने चार बार उत्तर प्रदेश की सत्ता संभाली और सर्वसमाज के हित में कार्य किए। उन्होंने चुनाव आयोग की रिपोर्ट का जिक्र कर कहा कि बसपा को खत्म मानने वाले विरोधियों की नींद उड़ गई है।
मुख्य मंडल प्रभारी दिलीप कुमार विमल ने कार्यकर्ताओं को संगठन का अधूरा कार्य 30 अगस्त तक पूरा करने का निर्देश दिया। सपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने बहुजन महापुरुषों का अपमान किया, आरक्षण कमजोर किया और अब वोट के लिए बाबा साहब की तस्वीर का सहारा ले रही है।