अमेठी सिटी। संग्रामपुर क्षेत्र के धनापुर गांव निवासी संजय विश्वकर्मा (23) की सोमवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
संजय के चाचा राधेश्याम विश्वकर्मा ने बताया कि संजय सोमवार को अमेठी क्षेत्र के रामगढ़ गांव में एक निमंत्रण में शामिल होने गया था। देर रात वह बाइक से घर लौट रहा था, तभी अमेठी-शाहबरी मार्ग पर ननकूदास की कुटी के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी बाइक टकरा गई। हादसे में संजय गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरी बाइक पर सवार युवक घायल होने के बाद भी मौके से भाग निकला।
स्थानीय लोगों ने घायल संजय को मुंशीगंज स्थित संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। अस्पताल में डॉक्टरों ने संजय को मृत घोषित कर दिया। संजय की मौत की सूचना मिलते ही धनापुर गांव में मातम छा गया। मां सरोजा देवी बेटे की मौत को स्वीकार नहीं कर पा रही हैं। रोते हुए बार-बार यही कह रही हैं कि मेरा लाल कहां है... कोई तो बता दे... निमंत्रण से अब तक क्यों नहीं आया। छोटा भाई अंशु, बहनें दीपांजलि और निमरा भी बेसुध हैं। वहीं पिता पृथ्वीपाल बड़े बेटे की मौत से टूट चुके हैं और बार-बार रिश्तेदारों से लिपट फफक कर रो रहे हैं।
इंस्पेक्टर शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि युवक की मौत की जानकारी अस्पताल प्रशासन की ओर से मिली है। इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।