शाहगढ़। मोहनगंज के पूरे वैसन गडेहरी गांव निवासी किसान रामनरेश सिंह (58) की सड़क हादसे में मौत हो गई। बुधवार को जगदीशपुर-रायबरेली मार्ग पर नौडाडे के पास उनकी बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई थी। गंभीर रूप से घायल रामनरेश ने उपचार के दौरान निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
बेटा विवेक सिंह ने बताया कि उनके पिता रामनरेश सिंह खेती-किसानी करते थे। बुधवार को वह कमरौली स्थित निजी अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार का हालचाल लेने गए थे। लौटते समय नौडाडे के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां बृहस्पतिवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
इंस्पेक्टर राकेश सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर आवश्यक कार्रवाई की गई है। घटनास्थल जगदीशपुर थाना क्षेत्र में होने के कारण अग्रिम कार्रवाई वहीं से की जाएगी।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
रामनरेश सिंह की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पत्नी उर्मिला, बेटी प्रीति तथा बेटे विवेक और दीपक का रो-रोकर बुरा हाल है। रिश्तेदार और ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे।