अमेठी सिटी। सुल्तानपुर के धम्मौर के नोनार गांव निवासी काली सहाय तिवारी (62) की मोपेड पीपरपुर के सवनगी गांव के पास बाइक की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद बाइक सवारों ने काली सहाय और उनके बेटे की पिटाई कर 4300 रुपये छीन लिए। पिटाई के बाद युवक बाइक छोड़कर भाग निकले।
उमाकांत के अनुसार वह सोमवार को स्वामी परमहंस आश्रम टीकरमाफी में बेटी का मुंडन संस्कार कराकर लौट रहे थे। रास्ते में सवनगी के पास पिता की मोपेड बाइक की चपेट में आ गई। विरोध करने पर बाइक सवार अभद्रता करने लगे। आरोप है कि बीचबचाव के दौरान बाइक सवार युवकों ने उनके पिता और उनकी पिटाई कर दी। शोर-शराबा होने पर पुलिस पहुंची तो बाइक सवार मौके से भाग निकले।
उमाकांत ने आरोप लगाया कि युवकों ने मारपीट कर उनसे रुपये छीन लिए। इंस्पेक्टर श्रीराम पांडेय ने बताया कि सड़क हादसे के बाद विवाद की सूचना मिली थी। बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। हादसे की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। रुपये छीनने का आरोप सही नहीं पाया गया है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।