अमेठी सिटी। टांडा-बांदा हाईवे पर मंगलवार को जायस थान के मौजमगंज के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में एक भाई की मौत हो गई। दूसरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
फुरसतगंज थाने के खैरहना गांव निवासी मुकेश (36) मंगलवार सुबह दिल्ली से पद्मावत एक्सप्रेस से घर आ रहे थे। जायस स्टेशन पर मुकेश को रिसीव करने धर्मेंद्र बाइक से आया था। ट्रेन से उतरने के बाद मुकेश भाई के साथ बाइक से घर जा रहा था। रास्ते में टांडा-बांदा हाईवे पर जायस थाने के मौजमगंज स्थित नइया नाला पुल के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल दोनों भाइयों को सीएचसी फुरसतगंज ले जाया गया। डॉक्टरों ने धर्मेंद्र को मृत घोषित करते हुए मुकेश का प्राथमिक उपचार के बाद हालात नाजुक देखकर जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया।
धर्मेंद्र के मौत की खबर खैरहना गांव पहुंची तो गांव में शोक की लहर दौड़ गई। एसओ देवेंद्र सिंह बताया कि अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के समय धर्मेंद्र व मुकेश ने हेलमेट लगाया था। लेकिन, दुर्घटना में दोनों का हेलमेट चकनाचूर हो गया।
बिखर गया परिवार
मुकेश नौकरी की तलाश में दो जनवरी को दिल्ली गया था। काम न मिलने पर मंगलवार को वापस घर लौट रहा था। खुशी-खुशी छोटे भाई को रिसीव करने निकले धर्मेंद्र को यह अंदाजा भी नहीं था कि आज भाई के साथ कुछ दूर ही उनकी यात्रा होगी। दुर्घटना में धर्मेंद्र की मौत व मुकेश के घायल होने की सूचना पर ग्रामीण गमगीन है। गांव के देवेंद्र पासी ने बताया कि धर्मेंद्र परिवार में सबसे बड़ा था।
पांच भाई-बहनों के साथ पूरे परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उसके पास थी। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। बहनों की शादी करने की जिम्मेदारी में भाई मुकेश हाथ बंटाने के लिए काम की तलाश में दिल्ली गया था। पुत्र को याद कर मां इंद्रा बार-बार बेहोश हो रही थी। पत्नी सीमा पति के मौत की सूचना पर अचेत होकर सिर्फ यह कर रही है कि अब परिवार का कै संभालै।