मुसाफिरखाना। गौरीगंज मार्ग पर भीखीपुर गांव के पास बुधवार रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में दो बाइकों पर सवार तीन लोग आ गए। हादसे में एक बाइक पर सवार महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा पति और दूसरी बाइक पर सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। चालक ट्रैक्टर सहित मौके से भाग निकला।
मुसाफिरखाना के पूरे साहब बख्श मजरे पिंडारा ठाकुर निवासी सोहनलाल (40) अपनी पत्नी कंचन (35) के साथ बाइक से भीखीपुर दवा लेने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सामने से आए ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि पीछे आ रहे पिंडारा ठाकुर निवासी भीम शर्मा (23) की बाइक भी ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर समेत मौके से भाग निकलने में सफल रहा।
क्षेत्रीय लोगों ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान कंचन ने दम तोड़ दिया, जबकि सोहनलाल और भीम शर्मा की हालत गंभीर बनी है। कंचन की मौत से परिवार में मातम छा गया। इकलौते बेटे कृष्णम का रो-रोकर बुरा हाल है। सास रामपती बेसुध हैं। परिजन और रिश्तेदार सांत्वना देने में जुटे हैं। घायल सोहनलाल बार-बार पत्नी के बारे में पूछ रहे हैं। इंस्पेक्टर विवेक कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर घटना को अंजाम देने वाले ट्रैक्टर और चालक की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।