तिलोई (अमेठी)। मोहनगंज क्षेत्र के पूरे जीतराय मजरे जुमरवा गांव निवासी 26 वर्षीय भरत वर्मा की बुधवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। देर रात तक शव के गांव पहुंचने की संभावना है।
मृतक भरत वर्मा के बड़े भाई जुगाड़ू वर्मा ने बताया कि उनका छोटा भाई बुधवार को किसी कार्य से बाइक से जगदीशपुर जा रहे थे। इसी दौरान रायबरेली-अयोध्या राजमार्ग पर चौधरीपुर के पास एक डंपर उनकी बाइक से टकरा गई। हादसे में भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल भरत को जगदीशपुर ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने भरत की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अधिवक्ता विपुल सिंह ने युवक की मौत की पुष्टि की है। इंस्पेक्टर जगदीशपुर धीरेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिल गई है, तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
छिन गया परिवार का सहारा
मृतक भरत वर्मा तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। पिता की मौत के बाद वह बड़े भाई जुगाड़ू व छोटे भाई शत्रोहन के साथ मिलकर खेती करते थे और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। भरत की मौत से ढाई साल की पत्नी सुधा और आठ माह के दो मासूम बच्चों सहित पूरे परिवार में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि घटना के समय भरत ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे सिर पर आंशिक चोट आई, लेकिन हाथों में गंभीर चोटें लगीं, जो घातक साबित हुईं।