शाहगढ़। मुसाफिरखाना के हरदोइया गांव निवासी गल्लू (45) की बाइक शनिवार रात गौरीगंज से गुजरने वाले मुसाफिरखाना मार्ग पर रामगंज कौहार मोड़ के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में गल्लू की मौत हो गई जबकि उनके साथ गांव के सुरेश कुमार (36) घायल हो गए।
सुमित कुमार के मुताबिक उनका भाई गल्लू रात में गांव के सुरेश कुमार के साथ उनकी बाइक से मछरिया गांव निवासी अंकित मिश्र के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने बोझी गांव के लिए निकला था। रात में मुसाफिरखाना-गौरीगंज मार्ग पर रामगंज कौहार स्थित बैंक ऑफ इंडिया के पास उनकी बाइक सामने से आए अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में भाई और सुरेश घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने गल्लू को मृत घोषित कर दिया। सुरेश की नाजुक हालत देख रायबरेली एम्स भेज दिया गया।
इंस्पेक्टर श्याम नारायण पांडेय ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बाइक कब्जे में ली गई है। परिजनों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर चालक सहित वाहन की तलाश की जा रही है। बताया कि हादसे के समय बाइक सुरेश चला रहा था और उसने हेलमेट पहना था, जिससे उसके सिर और चेहरे पर चोट नहीं लगी। गल्लू पीछे बैठा था।
छिन गया परिवार का सहारा
गल्लू की मौत के बाद पत्नी मालती का रो-रोकर बुरा हाल है। रोते हुए कहती हैं कि बोले थे कि देर रात तक वापस आऊंगा, मगर लौटकर आई उनकी लाश। गल्लू के माता-पिता पहले ही गुजर चुके हैं। मजदूरी कर गल्लू परिवार का भरण-पोषण करता था। गल्लू की मौत से पत्नी मालती का सहारा छिन गया। भाई सुमित कुमार, सुरेश कुमार, रमेश कुमार, गोकरन गमगीन हैं। भतीजे सक्षम, संदीप, शिवांग, राजदीप और भतीजी कोमल, सृष्टि, मानवी, गुड्डा, बिट्टन, नेहा, प्रिंसी, सलोनी, खुशबू भी रो-रोकर बेहाल हैं। रिश्तेदार और ग्रामीण परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे।