शाहगढ़। मुंशीगंज के पूरे कौहारन के भुसियावां गांव निवासी राजू कश्यप (23) की शुक्रवार शाम सड़क हादसे में मौत हो गई। अमेठी-मुसाफिरखाना मार्ग पर गांव के पास उनकी बाइक परिवहन निगम की बस की चपेट में आ गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
राजू के पिता त्रिभुवन ने बताया कि उनका बेटा गौरीगंज शहर की एक फैक्टरी में काम करता था। शुक्रवार को ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौटते समय गांव के पास लखनऊ से अमेठी जा रही परिवहन निगम की बस की चपेट में आ गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल राजू को मुंशीगंज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। राजू की मौत के बाद घर में मातम पसरा हुआ है। मां शिवकुमारी बेसुध हो गईं। बहनें शोभावती, शिवानी, अनू और तनु इकलौते भाई की मौत से बिलख-बिलख कर रो रही हैं। पिता त्रिभुवन गमगीन हैं। रिश्तेदार और ग्रामीण परिवार को सांत्वना देने में जुटे रहे।
हादसे के बाद चालक बस छोड़कर मौके से भाग निकला। इंस्पेक्टर शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि बस को कब्जे में ले लिया गया है। सवारियों को दूसरे वाहन से गंतव्य भेजा गया। केस दर्ज कर कार्रवाई की गई है।