संग्रामपुर के भगतपुर विशेषरगंज गांव में प्रदीप के गमगीन परिजन। स्रोत ग्रामीण
संग्रामपुर। भगतपुर विशेषरगंज गांव निवासी प्रदीप वर्मा (25) की बाइक बुधवार रात भैरवपुर प्राथमिक विद्यालय के पास सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में प्रदीप की मौत हो गई और पीछे बैठे इंद्रपाल घायल हो गए। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
विशाल वर्मा ने बताया कि उनके बड़े भाई प्रदीप वर्मा बुधवार को इंद्रपाल के साथ बरात में शामिल होने प्रतापगढ़ के कटका मानपुर गए थे। रात में घर आते वक्त संग्रामपुर-विशेषरगंज मार्ग पर भैरवपुर प्राथमिक विद्यालय के पास अचानक सड़क पर मवेशी आ गया। उससे बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई। इससे दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें सीएचसी संग्रामपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। घायल इंद्रपाल का उपचार किया गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी मिली है। परिवार को सूचना दे दी गई है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
प्रदीप की मौत के बाद घर में मातम छा गया। मां शीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी गायत्री विलाप कर रही थीं। मासूम बेटा मां को रोते देख सहम जाता और फिर खुद भी रो पड़ता। यह दृश्य देख लोगों की आंखें भर आईं। छोटा भाई संदीप वर्मा गुजरात के अहमदाबाद में निजी कंपनी में नौकरी करता है। सबसे छोटा भाई विशाल वर्मा घर में रहकर खेती में मां का हाथ बंटाता है। प्रदीप घर में रहकर मजदूरी करता था और परिवार की जिम्मेदारी संभालता था।