जगदीशपुर। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर बुधवार को सड़क हादसे में दादरा गांव निवासी अमर सिंह ऊर्फ दीपक सिंह (30) की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों रो-रोकर हाल बेहाल है। पुलिस विधिक कार्रवाई करने में जुटी है।
अमर सिंह बाइक से किसी काम के सिलसिले में लखनऊ जा रहा था। रास्ते में कमरौली क्षेत्र के कठोरा के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। घटना के बाद राहगीरों ने उन्हें ट्राॅमा सेंटर जगदीशपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. अमित कुमार ने से मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अमर सिंह ने हेलमेट नहीं पहना था। सिर और चेहरे पर गहरी चोट लगने से उसकी जान चली गई।
थाना अध्यक्ष कमरौली मुकेश पटेल ने बताया कि परिजनों को सूचित कर दिया गया है और आगे की प्रक्रिया की जा रही है।
g मुसाफिरखाना थाने का हिस्ट्रीशीटर था मृतक : प्रभारी निरीक्षक मुसाफिरखाना विवेक सिंह ने बताया कि अमर सिंह थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ 12 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
g इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार : अमर सिंह परिवार का इकलौता सहारा था। करीब 10 वर्ष पहले 70 वर्षीय पिता राम सिंह दूरसंचार विभाग से सेवानिवृत्त हुए थे और अब घर पर रहकर खेती का काम देख रहे हैं। बड़ी बहन ज्योति की शादी हो चुकी है और वह ससुराल में रहती है। घर पर बुजुर्ग मां जड़ावती हैं, जिनके लिए अमर ही सहारा था। बेटे की अचानक हुई मौत से मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।