अमेठी सिटी। बाइक से ड्यूटी पर जा रहे एक प्राइवेट कर्मचारी को रविवार की सुबह ओवरटेक कर असलहे के बल पर रोकने के बाद बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल व मोटरसाइकिल लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने कर्मचारी को असलहे की बट से पीटकर जख्मी कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले। पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं, जिनके सहारे पुलिस बदमाशों तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
संग्रामपुर थाना क्षेत्र के भुवालापुर मजरे भौसिंहपुर गांव निवासी शशांक यादव अमेठी कस्बे में स्थित एक शॉपिंग मॉल में काम करते है। सुबह करीब सात बजे शशांक बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। रास्ते में जरौटा गांव स्थित ईंट-भट्ठे के पास पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर तमंचा दिखाकर उन्हें रोक लिया। इसके बदमाश मोबाइल व बाइक छीनने लगे। इस पर शशांक ने विरोध किया तो बदमाशों ने तमंचे की बट से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। इसके बाद बदमाश बाइक व मोबाइल लूट कर भाग निकले।
घटना के बाद पीड़ित ने लोगों की मदद से पुलिस व परिजनों को सूचना दी। दिनदहाड़े लूट की वारदात की खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर संग्रामपुर एसएचओ ईशनारायण मिश्र और अमेठी कोतवाल बृजेश सिंह मौके पर पहुंचे। साथ ही सीओ जगदीश कुमार और एसओजी टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर जांच की और पीड़ित से घटना के बारे में जानकारी ली। हालांकि पुलिस अभी तक बदमाशों का सुराग नहीं लगा पाई है।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं, जिसमें पुलिस को बदमाशों के बारे में कुछ जानकारी मिली है। जिनके सहारे पुलिस बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। एएसपी हरेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। स्वाट टीम के साथ संग्रामपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद कुछ संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। संभावित स्थानों पर पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।
सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस
अमेठी सिटी। भुवालापुर मजरे भौसिहपुर गांव निवासी शशांक यादव के साथ जरौटा गांव के पास हुई लूट की वारदात सुनकर संग्रामपुर व अमेठी थाने की पुलिस पहुंची थी। सूत्रों का दावा है कि घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पुलिस कार्रवाई के बजाए सीमा विवाद में उलझी रही। दोनों थानों की पुलिस घटनास्थल को एक-दूसरे का क्षेत्र बताने में जुटी रही। इस बात की भी बहस हुई कि इस घटना को लेकर कार्रवाई किस थाने से होगी। मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस अफसरों ने हस्तक्षेप किया। अफसरों ने फौरन कार्रवाई के निर्देश दिए, तब संग्रामपुर थाने की पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने सीमा विवाद होने की बात से इन्कार किया है।