संग्रामपुर। अमेठी-प्रतापगढ़ मार्ग पर कालिकन मोड़ के पास शनिवार को बाइक और साइकिल की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार संग्रामपुर के तिहैतन का पुरवा निवासी दीपक (27) की मौत हो गई, जबकि पूरे गड़ेरियन मजरे कसारा निवासी छात्रा श्वेता पाल घायल हो गई।
रवि कुमार के मुताबिक उनका भाई दीपक प्रतापगढ़ में होटल में कुक का काम करता था। 12 अप्रैल को उसकी शादी हुई थी। शनिवार शाम वह घर से बाइक से पत्नी के लिए दवा लेने अमेठी आ रहा था। वहीं पूरे गड़ेरियन मजरे कसारा निवासी छात्रा श्वेता पाल पुत्री अमरेश पाल अमेठी से कोचिंग पढ़कर साइकिल से घर लौट रही थी। जैसे ही वह संग्रामपुर मोड़ पर पहुंची, सामने से आ रही दीपक की बाइक उससे टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास मौजूद लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर दोनों को सीएचसी अमेठी पहुंचाया। जहां दीपक की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल गौरीगंज रेफर कर दिया। वहीं छात्रा को जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर किया गया। जिला अस्पताल गौरीगंज पहुंचने पर डॉक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर गौरीगंज अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि अस्पताल के मेमो के आधार पर कार्रवाई करते हुए संग्रामपुर पुलिस को जानकारी दी गई है। इंस्पेक्टर रवि कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।