. मोहनगंज के पूरे महादेव मजरे पाकर गांव गमगीन मृतक के परिजन। स्रोत: ग्रामीण
तिलोई। रायबरेली-अयोध्या हाईवे पर पाकरगांव मोड़ के पास शनिवार को ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार छात्रा की मौत हो गई। मृतका की पहचान मोहनगंज के पूरे महादेव मजरे पाकरगांव निवासी अंतिमा (17) के रूप में हुई। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।
बाबूलाल ने बताया कि उनकी बेटी अंतिमा शनिवार को तिलोई स्थित निजी कॉलेज से साइकिल से घर लौट रही थी। हाईवे पर पाकरगांव मोड़ के पास गांव की ओर मुड़ते समय पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी। वहां पहुंचे परिजनों को डॉक्टरों ने अंतिमा की मौत की जानकारी दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अंतिमा साइकिल से गांव की ओर मुड़ रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे के बाद चालक को पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। सीओ दिनेश मिश्र ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक और चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
मां, पिता और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल
अंतिमा की मौत की खबर सुनकर मां सरस्वती बिलख पड़ीं। वह बेटी के घर लौटने का इंतजार कर रही थीं। बेटी का शव देखकर वह रोते हुए कहती रहीं, भगवान... यह क्या हो गया। बहनें अनंती, महिमा और विभा के साथ भाई प्रिंस का भी रो-रोकर बुरा हाल रहा। पिता बाबूलाल कभी बेटी का शव देखकर रो पड़ते तो कभी परिजनों को संभालने की कोशिश करते। रिश्तेदार भी परिजनों को सांत्वना देते रहे।