संग्रामपुर/शाहगढ़। गड़ेरियन का पुरवा इटौरी गांव निवासी किसान कालूराम पाल (70) की साइकिल बृहस्पतिवार रात भैरवपुर पुलिया भट्ठा के पास बाइक की चपेट में आ गई। हादसे में घायल कालूराम ने शुक्रवार को घर में दम तोड़ दिया। हादसे में घायल बाइक सवार पिता-पुत्री अस्पताल में भर्ती हैं।
जानकारी के अनुसार प्रतापगढ़ के शंभू पांडेय का पुरवा कौहडोर निवासी जाकिर हुसैन (35) अपनी पांच वर्षीय बेटी आयरा के साथ बाइक से ससुराल जा रहे थे। रास्ते में भैरवपुर पुलिया भट्ठा के पास उनकी बाइक कालूराम पाल (70) की साइकिल से टकरा गई। हादसे में तीनों घायल हो गए। तीनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल में उपचार के बाद परिजन कालूराम को घर ले गए, जहां शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। इसके बाद बेटे दिनेश और अंगद, बेटियां मालती और लालती तथा सत्यम, शिवम और रिशु का रो-रोकर बुरा हाल है। एसओ संग्रामपुर संजय सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।