मुसाफिरखाना (अमेठी)। क्षेत्र के पूरे कंगाल मजरे जमुवारी गांव निवासी राममिलन यादव (50) की सड़क हादसे में मौत हो गई। इसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
राममिलन बृहस्पतिवार शाम साइकिल से कस्थुनी बाजार सब्जी लेने जा रहे थे। जैसे ही वह मानामदनपुर मोड़ के पास पहुंचे, तभी सड़क पर तेज रफ्तार से आ रहे एक बाइक सवार से उनकी भिड़ंत हो गई। स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल सुल्तानपुर और फिर वहां से लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन लखनऊ पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।
राममिलन की मौत से परिजनों का हाल बेहाल है। शुक्रवार सुबह परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। इंस्पेक्टर विवेक सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। बाइक सहित चालक की तलाश की जा है। जल्द ही मामले में कार्रवाई की जाएगी। राममिलन की एकमात्र बेटी प्रियंका की शादी हो चुकी है। पत्नी अमृता बेसुध हैं। गांव के लोग परिवार को सांत्वना देने में जुटे हैं।