अमेठी सिटी। भादर के घोरहा स्थित स्टेडियम में शुक्रवार को युवा कल्याण विभाग की ओर से वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में सात टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मैच में भीमी टीम ने घाेरहा को हराकर खिताबी मुकाबला जीत लिया।
प्रतियोगिता में घोरहा, टीकरमाफी, भादर, सोनारी, नेवढि़या, भीमी और हथकिला टीम के बीच प्रतियोगिताएं हुईं। प्रतियोगिता का सेमीफाइनल मैच घोरहा व नेवढि़या टीम के बीच हुआ। घोरहा टीम ने 25 अंक बनाते हुए नेवढि़या टीम को पराजित किया। दूसरा सेमीफाइनल हथकिला और भीमी टीम के बीच हुआ। इस मैच में हथकिला टीम 13 तो भीमी टीम ने 25 अंक बनाया। 25 अंक से जीत दर्ज करते हुए भीमी टीम फाइनल में पहुंची।
भीमी व घोरहा टीम के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। प्रतियोगिता में भीमी टीम ने पहले सेट में 15-11 तो दूसरे सेट में 15-13 से घोरहा टीम को पराजित किया। फाइनल मैच में भीमी टीम विजेता तो घोरहा टीम उपविजेता हुई। प्रतियोगिता के बाद क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अपूर्वा यादव ने दोनों टीम को पुरस्कृत किया। प्रतियोगिता में विनोद सिंह व रामचंद्र ने रेफरी की भूमिका निभाई। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।