मुसाफिरखाना के राजीव गांधी स्टेडियम में क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान टॉस कराते खिलाड़ी। स्रोत
मुसाफिरखाना। राजीव गांधी स्टेडियम में बृहस्पतिवार को खेले गए क्रिकेट मैच में भार्गव क्रिकेट अकादमी ने चिंतामणि फाउंडेशन क्लब जूनियर को 108 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। भार्गव अकादमी के सैयद हैदर ने चार ओवर में पांच विकेट लेकर विपक्षी टीम की बल्लेबाजी बिखेर दी। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भार्गव क्रिकेट अकादमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 40 ओवर में सभी विकेट खोकर 181 रन बनाए। टीम की ओर से प्रिंस मिश्र ने 31 गेंदों पर 31 रन और मोहम्मद हसनैन ने 27 गेंदों पर 26 रन का योगदान दिया। चिंतामणि फाउंडेशन क्लब जूनियर की ओर से सिद्धांत तिवारी ने आठ ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। एजाज ने तीन और तेजस सिंह ने दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी चिंतामणि फाउंडेशन क्लब जूनियर की टीम भार्गव अकादमी के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। पूरी टीम 22 ओवर में 73 रन बनाकर आउट हो गई। भार्गव अकादमी की ओर से सैयद हैदर ने पांच विकेट लिए। श्लोक मोदनवाल ने चार ओवर में नौ रन देकर दो विकेट और प्रिंस मिश्र ने चार ओवर में पांच रन देकर दो विकेट हासिल किए। विपुर्ण टंडन ने भी एक विकेट लेकर टीम की जीत में योगदान दिया। इस तरह भार्गव क्रिकेट अकादमी ने 108 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।