अमेठी। शहर में आयोजित होने वाला ऐतिहासिक भरत मिलाप कार्यक्रम बरसात के कारण गुरुवार रात अव्यवस्थाओं के बीच हनुमान गढ़ी मंदिर पर प्रतीकात्मक रूप से संपन्न हुआ। बारिश से हुई समस्या के बावजूद छह मंडलों की विभिन्न आकर्षक झांकियां रात भर भ्रमण करती रहीं। हालांकि राम रथ की झांकी नहीं निकाली जा सकी। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक ने तो समापन संरक्षक पूर्व सांसद डॉ. संजय सिंह ने किया। बारिश की वजह से भरत मिलाप कार्यक्रम में गिने चुने ही लोग पहुंच सके।
60 वर्षों से शहर में मनाया जाने वाला भरत मिलाप कार्यक्रम इस वर्ष बरसात की भेंट चढ़ गया। झमाझम बारिश के चलते भरत मिलाप कार्यक्रम की तैयारी नहीं हो पाई तो अव्यवस्थाओं के बीच रामलीला समिति एवं रामलीला आयोजन समिति के तत्वावधान में हनुमान गढ़ी मंदिर में भरत मिलाप प्रतीकात्मक रूप से संपन्न कराया गया। रात करीब 9:30 बजे स्थानीय सपा विधायक महाराजी प्रजापति ने पूजा अर्चना कर भरत मिलाप कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद मंदिर परिसर पर ही संकीर्तन का कार्यक्रम आयोजित हुआ।
समापन कार्यक्रम के बतौर मुख्य अतिथि रामलीला समिति के मुख्य संरक्षक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह के साथ संरक्षक जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने किया। समिति अध्यक्ष पवन अग्रवाल, रामलीला आयोजन समिति अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, जयप्रकाश लोहिया व आनंद बरनवाल ने भी समापन कार्यक्रम को संबोधित किया।
समिति के पदाधिकारियों ने अव्यवस्थाओं पर प्रकाश डाला। समिति के पदाधिकारियों ने विधायक, पूर्व सांसद डॉ. संजय सिंह, संरक्षक राजेश अग्रहरि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा कार्यक्रम में मौजूद सीओ लल्लन सिंह, एसएचओ अरुण कुमार द्विवेदी, विद्युत एसडीओ व जेई आदि को भी सम्मानित किया। इसके बाद भरत मिलाप कार्यक्रम के लिए पूर्व से तैयारियां कर चुकी करीब छह मंडल की झांकियों ने प्रतिभाग किया। जिसमें गाजे बाजे के साथ अमर ज्योति मंडल, शिव शक्ति मंडल, गायत्री मंडल, जय हो मंडल, तांडव मंडल, अन्नपूर्णा मंडल, एसएस ग्रुप की आकर्षक झांकियों ने रात भर भ्रमण किया।
हनुमान गढ़ी मंदिर परिसर में प्रतीकात्मक रूप से भरत मिलाप संपन्न होने के चलते राम रथ की झांकी नहीं निकली। भरत मिलाप कार्यक्रम का आनंद विगत वर्षों की भांति इस बार कम लोग ही उठा सके। कार्यक्रम में आलोक शुक्ल, अनुराग प्रजापति, अरुण प्रजापति, हरिशंकर जायसवाल, हरीश सिंह व सुशील जायसवाल समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
04 : अमेठी : भरत मिलाप कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए तैयार कलाकार। -संवाद- फोटो : AMETHI