अमेठी सिटी। ज्येष्ठ माह के दूसरे मंगलवार को लोगों की आस्था गांव से शहर तक सड़क पर उमड़ी दिखी। भीषण गर्मी और तपती दोपहरी में गुजर रहे राहगीरों को शर्बत पिलाने के साथ ही गुड़, चना व छोले-चावल का प्रसाद वितरित किया गया। कई स्थानों पर आयोजित भंडारे में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
जिला मुख्यालय स्थित रणंजय इंटर कॉलेज के सामने सभासद अवनीश पांडेय व शनि सेठ की ओर से सुंदरकांड पाठ के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें सांसद किशोरी लाल शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि, नगर पालिका परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि दीपक सिंह, भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष रामप्रसाद मिश्र आदि मौजूद रहे। गौरीगंज तहसील परिसर में वरिष्ठ कोषाधिकारी रामेंद्र शर्मा की ओर से प्रसाद बांटा गया। इसी तरह गौरीगंज के तहसील रोड स्थित हनुमान मंदिर पर सुंदरकांड पाठ के बाद भंडारे का आयोजन किया गया। गौरीगंज के बासूपुर में पूर्व प्रधान नरेंद्र सिंह व सुजानपुर प्रधान प्रतिनिधि तेज भान सिंह की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया।
बस अड्डे पर भंडारे का आयोजन
अमेठी। जेठ मास के दूसरे मंगलवार को अमेठी बस अड्डे पर बस डिपो के एआरएम काशी प्रसाद ने भंडारे का आयोजन किया। इस मौके पर रामेंद्र शर्मा, शैलेन्द्र त्रिपाठी, संतोष, धर्मेन्द्र शुक्ला, राकेश सिंह, राम पाल, अरविंद तिवारी, अनिल मिश्रा और शिवराम मौजूद रहे।संग्रामपुर के सहजीपुर स्थित महादेवन धाम के सामने ग्रामीणों ने प्रतापगढ़ अमेठी मार्ग पर राहगीरों को चना-गुड़ का प्रसाद वितरित करने के साथ शर्बत पिलाया। इस मौके पर सुधांशु तिवारी, प्रवीण पांडेय, नवनीत तिवारी आदि मौजूद रहे।
टीकरमाफी स्वामी परमहंस आश्रम प्रांगण में पुनीत कुमार द्विवेदी ने सहयोगियों के साथ श्रद्धालुओं को शर्बत बांटा। वहीं जरौटा गांव में हनुमान मंदिर पर रविन्द्र कुमार मिश्र और सहयोगियों ने राहगीरों को शर्बत पिलाया। राजाफत्तेपुर क्षेत्र के सिंहपुर में ब्लॉक चौराहे, अहोरवा भवानी चौराहा, गंगानगर, गौड़ा चौराहे, राजाफत्तेपुर चौराहा आदि जगहों पर सुंदरकांड पाठ के बाद भंडारा हुआ।
सेमरौता स्थित हनुमानगंज चौराहे के चौहान मेडिकल स्टोर, फिटनेस सेंटर, इन्हौना, शिवरतनगंज आदि अन्य जगहों पर पूड़ी सब्जी, चना व हलवा बांटा गया। सिंहपुर ब्लॉक चौराहे पर जिला पंचायत सदस्य कौशलेन्द्र सिंह की ओर से आयोजित भंडारे में राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह व ब्लॉक प्रमुख कृष्ण कुमार सिंह ने प्रसाद बांटा। जामों ब्लाॅक क्षेत्र के पवित्र धाम हरगांव के बाबा सिद्धादास मंदिर परिसर में मंगल पांडेय व संजीव पांडेय की अगुवाई में भंडारा हुआ। बाजारशुकुल ब्लाॅक परिसर में बीडीओ अंजली सरोज ने अपने आवास पर सुंदरकांड पाठ के बाद कर्मियों के साथ हवन-पूजन किया। इसके उपरांत प्रसाद बांटा।
शाहगढ़ बाजार में सीबी सिंह ने शर्बत बांटा। कमलानगर बाजार में व्यवसायी सावित्री सुनील सोनी ने पूड़ी-सब्जी का वितरण कराया। रामगंज बाजार में त्रिभुवन ने शर्बत और हलवा बांटा। मुंशीगंज में व्यापारियों ने शिव मंदिर पर पूड़ी-सब्जी बांटी। सराय भागमानी स्थित पावर हाउस के निकट निशा आनंद शुक्ला की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया।
फुरसतगंज नहर कोठी चौराहे पर सुशीला कनौजिया के नेतृत्व में महिलाओं ने भंडारे में प्रसाद बांटा। बाबा परमहंस धाम पर पूड़ी-सब्जी का वितरण किया गया। खालिसपुर गांव में भी श्रद्धालुओं ने भंडारा किया।