अमेठी सिटी। गौरीगंज रेलवे स्टेशन परिसर में मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) ने चौपाल लगाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर चिंता जताई। सड़क पर प्रदर्शन करते हुए पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने एसपी को संबोधित ज्ञापन एएसपी ज्ञानेंद्र सिंह को सौंपा।
जिलाध्यक्ष हरीश सिंह चुन्नू ने पुलिस पर दुर्व्यवहार, अवैध खनन में सहयोग और शिकायतों के फर्जी निस्तारण जैसी समस्याओं को उठाया है। आरोप है कि ग्रामीण जब अपनी समस्या लेकर थाने जाते हैं तो थाना प्रभारी या अन्य पुलिसकर्मी अपमानजनक शब्दों का प्रयोग करते हैं। पीपरपुर, संग्रामपुर, बाजारशुकुल और जगदीशपुर थानों में यह ज्यादा है।
संगठन ने मांग उठाई कि इन जनसमस्याओं पर गंभीरता से विचार कर पुलिसिंग व्यवस्था को सुधारा जाए। साथ ही एसपी की निगरानी में हर माह किसानों और किसान प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की जाए।
कोई भी पुलिसकर्मी बिना राजस्व अधिकारी के किसी भी जमीन विवाद में मौके पर न जाए। फरियादियों से सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। जिस भी क्षेत्र में अवैध खनन पाया जाए, वहां के संबंधित एसआई व हल्का सिपाही को दंडित किया जाए। इस दौरान नकछेद लोध, सूरज सिंह, गंगाराम, गुड्डा देवी आदि मौजूद रहे।