अमेठी सिटी। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक आजकल सार्वजनिक आयोजन के लिए बरातघर जरूरी सा हो गया है। इसके लिए लोगों को बरातघर किराए पर लेकर लाखों रुपये खर्च करने होते हैं। ऐसे में अब सभी विधानसभा क्षेत्र में एक-एक बरातघर का निर्माण किया जाएगा।
बरातघर में शादी विवाह के अतिरिक्त अन्य सार्वजनिक आयोजन किए जा सकेंगे। इसके लिए पंचायती राज विभाग की ओर से जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव मांगे गए हैं। जिले के गौरीगंज, अमेठी, जगदीशपुर, तिलोई विधानसभा क्षेत्र में बरातघर का निर्माण किया जाना है। जमीन चिह्नित होने के बाद निर्माण शुरू किया जाएगा। डीपीआरओ मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि बरातघर के लिए करीब एक एकड़ की भूमि आवश्यक है और प्रत्येक जगह एक करोड़ 49 लाख रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है।
इस राशि से बरातघर में एक बड़ा हॉल, तीन से चार कमरे, रसोईघर, गोदाम, शौचालय, आदि का निर्माण कार्य किया जाएगा। बोतल पर एक बड़ा गार्डन भी विकसित किया जाएगा, जिसमें बैठक आदि की जा सकेगी। वहीं जरूरत के अनुसार दूसरी मंजिल पर भी कमरे बनाए जा सकेंगे।
बरातघर का निर्माण होने के बाद स्थानीय स्तर पर लोगों को शादी विवाह व अन्य आयोजन में अतिरिक्त खर्च नहीं करना पड़ेगा। वहीं स्थानीय स्तर व ग्राम पंचायत स्तर बैठकों का आयोजन भी सुचारू रूप से किया जा सकेगा। भवन के रखरखाव के लिए न्यूनतम किराया भी निर्धारित किया जा सकता है।