अमेठी सिटी। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से बुधवार को परिषदीय विद्यालयों में लोकेटेड आंगनबाड़ी केंद्रों पर बाल वाटिका नवारंभ उत्सव का आयोजन होगा। इस उत्सव के माध्यम से तीन-चार वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को बाल वाटिका में अनौपचारिक शिक्षा दी जाएगी। पांच-छह वर्ष आयु वर्ग के जिन बच्चों ने छह वर्ष पूरे किए हैं, उन्हें औपचारिक शिक्षा की प्रथम कक्षा में प्रवेश दिया जाएगा।
कार्यक्रम 717 प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में होगा। इन विद्यालयों में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों और बाल वाटिकाओं में उत्सव मनाया जाएगा। कार्यक्रम के क्रियान्वयन और अनुश्रवण के लिए एसआरजी अमिता मिश्रा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें जनपद स्तर पर इस उत्सव की निगरानी का कार्य दिया गया है। यह उत्सव बच्चों के शैक्षिक भविष्य की नींव रखेगा।
नवारंभ उत्सव में आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के अभिभावकों और उनकी माताओं को बाल वाटिका के बारे में जानकारी दी जाएगी। बाल वाटिका का संचालन पूर्व प्राथमिक शिक्षा के अन्तर्गत स्कूल रेडीनेस के साथ वर्क कैलेंडर के अनुसार खेल-खेल में नौनिहालों को मूलभूत साक्षरता और संख्या ज्ञान से परिपूर्ण करने के लिए किया जा रहा है। मंगलवार को कंपोजिट विद्यालय भादर प्रथम की ईसीसी एजुकेटर प्रतिभा ओझा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आभा सिंह और रेखा ने इंचार्ज प्रधानाध्यापक संजीव कुमार ने घर-घर जाकर आमंत्रण पत्र बांटे और बच्चों के माता-पिता को उत्सव में आने के लिए प्रेरित किया। बीएसए संजय तिवारी ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी की गई हैं।