भादर (अमेठी)। कागजों में हेराफेरी करके रामगंज के बिसुनदासपुर गांव स्थित ग्रामसभा की सुरक्षित बेशकीमती भूमि का बैनामा किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद डीएम ने एसडीएम अमेठी को जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है।
रायपुर गांव निवासी राम उदित पाल व राधेश्याम ने बिसुनदासपुर गांव स्थित गाटा संख्या-39 के एक भाग का बैनामा गांव के अमित कुमार पाल को कर दिया। आरोप है कि बैनामे के दौरान गाटा संख्या 40 की चौहद्दी दिखाई गई है। गाटा संख्या-40 रामगंज निवासी राम नारायन साहू, राम प्रसाद साहू और भवानी साहू की है। इसमें दो दशक पूर्व बाउंड्रीवाल भी बनाई गई है।
बैनामा किया गया गाटा संख्या-39 बंदोबस्त के कागजों और तहसीलदार द्वारा दी गई प्रश्नोत्तरी के अनुसार ग्राम सभा की सुरक्षित नवीन परती की भूमि है। जिसकी कीमत मौजूदा समय में 75 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। अपनी भूमि की चौहद्दी दिखाकर जमीन बेचने की जानकारी मिलने के बाद हड़बड़ाए रामनारायन साहू, भवानी साहू व राम प्रसाद साहू ने डीएम अमेठी को शिकायती पत्र दिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने एसडीएम अमेठी से मामले की विस्तृत जांच कर आख्या तलब की है।
जांच कर मुकदमा दर्ज
मामले की जांच की जाएगी। शिकायत सही मिलने पर ग्राम सभा की सुरक्षित जमीन खाली कराकर संबंधित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। प्रीति तिवारी, एसडीएम