जिला अस्पताल के ओपीडी कक्ष में मरीज का इलाज करते डॉक्टर। -संवाद
अमेठी सिटी। उमसभरी गर्मी के बीच मौसमी बीमारियों का प्रकोप बढ़ने से सोमवार को जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ रही। परचा काउंटर, ओपीडी कक्ष और पैथोलॉजी के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं। दिनभर में 1274 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। भीड़ अधिक होने पर ओपीडी निर्धारित समय से करीब आधा घंटा अतिरिक्त संचालित करनी पड़ी।
फिजिशियन डॉ. शुभम पांडेय और डॉ. अमित यादव के कक्ष के बाहर सबसे ज्यादा मरीज नजर आए। महिला चिकित्सक की ओपीडी के बाहर भी सुबह 11 बजे तक लंबी लाइन लगी रही। कई अभिभावक बीमार बच्चों को गोद में लेकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। अस्पताल में बुखार के 520, सर्दी-जुकाम के 176, पेट दर्द के 98, खांसी के 97, डिहाइड्रेशन के 76 और दस्त के 46 व शेष अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों का उपचार किया गया।
गौरीगंज निवासी प्रशांत और जय कुमार ने बताया कि वे सुबह से कमरा नंबर तीन के बाहर खड़े थे, लेकिन दोपहर तक उनका नंबर नहीं आया। डॉ. शुभम पांडेय ने साफ या उबला पानी पीने, ताजा भोजन करने और खुले में रखे खाद्य पदार्थों से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पेट दर्द, उल्टी-दस्त, तेज बुखार या कमजोरी होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए।
सीएमएस डॉ. ब्रदी प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि गर्मी और उमस के कारण मरीजों की संख्या बढ़ी है। भीड़ को देखते हुए ओपीडी अतिरिक्त समय तक चलाने के साथ अन्य जरूरी प्रबंध किए गए।